शहादत का सम्मान : देश भक्ति के रंग में रंगे जवान, गृहमंत्री ताम्रध्वज ने किया शहीदों के परिजनों को सम्मानित

दुर्ग (छत्तीसगढ़) रवि ठाकुर। कला मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में आज गृह एवं लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने शहीद परिवारों के परिजनों को सम्मानित किया। शहादत के सम्मान के इस मौके पर अपने संबोधन में गृह मंत्री ने कहा कि देश भक्ति का जज्बा सबसे बड़ा जज्बा है। जो जवान अपने प्राणों को देश पर न्योछावर कर देते हैं। वे हमारे लिए पूजनीय हैं। अपने साहस और शौर्य से वे मातृभूमि को सुरक्षित रखते हैं। उनके प्रति हम सब कृतज्ञ हैं।

Picsart 22 08 13 21 49 23 111

इस मौके पर अपने संबोधन में विधायक अरुण वोरा ने कहा कि शहीदों ने अपने खून से इस देश को सींचा है। आज हमारा देश जितना मजबूत है उसके पीछे हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद जवानों का बड़ा योगदान है। दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी शहादत का सम्मान करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से शहीद परिवारों का संबल बढ़ता है। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि हम शहीद जवानों के प्रति कृतज्ञ हैं, जिन्होंने अपने साहस से हमारे देश की सुरक्षा की। आपकी देशभक्ति के जज्बे की वजह से देश सुरक्षित है।

Picsart 22 08 13 21 52 37 330

अपने संबोधन में एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने कहा कि हम सभी शहीद जवानों के प्रति कृतज्ञ हैं। आज स्वाधीनता दिवस के पूर्व हम सभी शहीद परिवारों के परिजनों के साथ हैं। यह हमारा सौभाग्य है। देश सेवा कर तथा लोगों की मदद कर हम शहीद जवानों के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धांजलि व्यक्त कर सकते हैं। इस मौके पर सभी जवानों के हाथों में तिरंगा झंडा था। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने जवानों के साथ हाथों में तिरंगा लेकर देश भक्ति के नगमे गाये और पूरा माहौल देश भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।