Skip to main content

4thnation

लखीमपुर खीरी हिंसा, लखनऊ में नहीं उतर पाए सीएम भूपेश, विडियो संदेश जारी कर की निंदा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों को कार से रौंदने और हिंसा के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता वहां पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार द्वारा उन्हें रोकने कड़े इंतजाम किए गए हैं। इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विमान को लखनऊ हवाई अड्डे पर नहीं उतरने दिया गया। जिसके बाद भूपेश बघेल ने विडियो संदेश जारी कर यूपी सरकार की निंदा की है।

वीडियो संदेश में भूपेश बघेल ने कहा है कि लखीमपुर की घटना ने पूरे देश को हिला दिया है। आंदोलन कर रहे किसानों की जिस बर्बरता पूर्वक हत्या की गई है, यह भारतीय जनता पार्टी की मानसिकता को उजागर करती है। इस देश में लोकतंत्र के जो मौलिक अधिकार है उसका हनन किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने और उन्हें हिरासत में लिए जाने की निंदा भी की। प्रियंका के साथ इस दौरान दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप भी उन्होंने लगाया।
जारी ट्वीट में उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश की सरकार मुझे राज्य में न आने देने का फरमान जारी कर रही है। क्या उत्तरप्रदेश में नागरिक अधिकार स्थगित कर दिए गए हैं? अगर धारा 144 लखीमपुर में है तो लखनऊ उतरने से क्यों रोक रही है तानाशाह सरकार?