4thnation

लखीमपुर खीरी और पत्थलगांव की दोनों घटनाएं बड़ी, पर है दोनों में बड़ा अंतर : भूपेश बघेल

रायपुर (छत्तीसगढ़)। लखीमपुर खीरी और पत्थलगांव की घटनाओं पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि दोनों घटना बड़ी हैं। इसमें कोई शक नहीं लेकिन दोनों घटनाओं में अंतर है। वहां आरोपियों को बचाने की कोशिश हो रही थी लेकिन यहां आरोपियों को पकड़ लिया गया है। दूसरे अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई। फिलहाल मामले की जांच चल रही है यदि ये साजिश है तो जांच में सब सामने आएगा।

प्रदेश में गांजे की बढ़ती तस्करी पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि सारा गांजा ओडिशा से आ रहा है और तस्कर मध्य प्रदेश के हैं। सीएम ने कहा कि भाजपा को जवाब देना चाहिए कि उनकी पार्टी की सरकार मध्य प्रदेश में है। सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार भी इसकी जांच कराए।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल आज बस्तर के दौरे पर हैं। वह यहां दशहरा कार्यक्रम मुरिया दरबार में शामिल हुए। यह कार्यक्रम बस्तर के जगदलपुर शहर में आयोजित है। सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि मुरिया दरबार बस्तर दशहरा का अंतिम कार्यक्रम है। इसके लिए वहां के जनप्रतिनिधि मुझे आमंत्रित करने आए थे। जिसके बाद इस कार्यक्रम में जाना हो रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर के निवासियों का विश्वास हम जीतने में सफल रहे हैं। लोगों का रुझान सरकार की योजनाओं के चलते राज्य सरकार के प्रति बढ़ा है। ग्रामीण इलाकों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। लोगों का रुझान तेजी से खेती, किसानी और रोजगार की तरफ बढ़ा है। जिसके चलते नक्सल भर्ती अभियान चलाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। 

बस्तर प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की मौजूदगी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दीप प्रज्जवलित किया, जिसके बाद मुरिया दरबार में कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुरिया दरबार में जाने से पहले जगदलपुर में मुंडा बाजा बजाकर मुंडा जनजाति के पारंपरिक नृत्य में शामिल हुए। इसके पहले मुंडा जनजाति के लोगों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।  स्वागत नृत्य के समय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुंडा बाजा बजाया। मुंडा जनजाति के स्वागत के बाद भूपेश बघेल माता दंतेश्वरी के दर्शन पूजा के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने आज जगदलपुर के मां दन्तेश्वरी एयरपोर्ट में यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत लगेज कन्वेयर बेल्ट का भी शुभारंभ किया।