दुर्ग निगम के खिलाफ हिन्दू युवा मंच ने किया जंगी प्रदर्शन, की कार्य प्रणाली में सुधार लाने की मांग

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। नगर पालिका निगम दुर्ग में व्याप्त भर्राशाही, नकारेपन और जन असुविधाओं की अनदेखी के विरोध में हिन्दू युवा मंच के बेनर तले पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आज बड़ा प्रदर्शन किया गया। सचेतक निर्दलीय पार्षद अरुण सिंह के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटे। प्रदर्शनकारी गांधी तिराहे के पास एकत्रित हुए और रैली की शक्ल में नारेबाजी करते हुए निगम कार्यालय पहुंचे। जहां फ्रेम कराकर लाए गए 17 सूत्रीय ज्ञापन को सौंपा गया। प्रदर्शन में भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।

Picsart 21 12 30 16 15 37 863

आंदोलन के सचेतक अरुण सिंह ने कहा कि दुर्ग निगम में भर्राशाही चरम पर है। टेंडर दिए जाने में मनमानी कर अपने चहेतों को उपकृत किया जा रहा है। शहर की जनता पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर हलाकान है और निगम प्रशासन शहर की सड़कों को अतिक्रमणकारियों के हवाले कर वसूली में मस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग निगम में एक बार फिर से भाई-बहन की परंपरा जारी है। जिसके चलते विपक्ष जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने से बच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के नेता प्रतिपक्ष महज दिखावा कर विरोध की खानापूर्ति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन दिनों से शहर में पानी की सप्लाई अवरुद्ध है। शहर में पानी के लिए त्राहिमाम मचा हुआ है। निगम की सरकार के आंखों का पानी शायद मर गया है। निष्क्रिय निगम प्रशासन को इस प्यास से तड़पते शहर की कोई चिंता ही नही है। उन्होंने बताया कि सामान्य सभा में शहर हित के मुद्दों पर निरन्तर ध्यानाकर्षण करने के पश्चात भी निगम प्रशासन जनहित के मुद्दों पर उदासीन है ,जनता परेशान है। नई परिषद के आज 2 वर्ष बीत के बाद भी निगम प्रशासन के लापरवाह रवैये में सुधार नहीं आया है। जनता की परेशानियों के निवारण के लिए यह महाघेराव किया गया है।

Picsart 21 12 30 16 16 40 571

प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें मुख्य रूप से वार्ड 56 के तालाब क्षेत्र के विस्थापन को अविलंब रोकने, दुर्ग नगर निगम अंतर्गत आते सामाजिक सांस्कृतिक भवनों में दुर्ग की बेटियों को उनके विवाह में आधे शुल्क पर भवन उपलब्धता, विवाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शवांजली, कार्यरत कर्मचारियों के व्यवहार, नगद खर्च के हिसाब पर कार्रवाई किए जाने सहित 17 सूत्रीय मांगे शामिल है।
प्रदर्शन में हिन्दू युवा मंच संयोजक गोविंद राज नायडू ,अध्यक्ष श्रीकुमार, महामंत्री राजेश शर्मा, कार्यक्रम प्रभारी राजा देवांगन कार्यक्रम संचालक राहुल जैन, कार्यक्रम पर्यवेक्षक ऋषि चौहान, अमित पुरोहित, मंगल सिंह, आलोक खापर्डे, जय देवांगन, अर्पित बरनवाल, अभिषेक शर्मा, दिनेश मिश्रा, शिवम सिंह, राकेश तिवारी, हितेंद्र राजपूत, दीपक सिंह, शिबू सोनी, शिवम मिश्रा, राज गुप्ता, बलराम पांडे , गजेंद्र साहू, बंटी उपरिकर, रवि देशमुख, मुकेश डोंगरे, योगेश साहू, राजकुमार चेलक, बंटी साहू, सानिध्य चंद्राकर सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल रहे।