Skip to main content

4thnation

केप्टन अमरिंदर बनाएंगे नई पार्टी, किसान आंदोलन का समाधान होने पर भाजपा से करेंगे गठबंधन

नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री केप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को घोषणा की है कि वह नई पार्टी बनाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसान आंदोलन का समाधान उनके हित में हो जाता है तो पंजाब में भाजपा के साथ समझौते को लेकर भी वे विचार करेंगे। साथ ही अकाली समूहों से अलग हुए दलों सहित समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ गठबंधन करने का भी विचार करेंगे।

बता दें, पिछले महीने अमरिंदर सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। उसके बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने की संभावना को खारिज कर दिया था। उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने किसानों के आंदोलन पर चर्चा के लिए मुलाकात की थी।
मंगलवार शाम को कई ट्वीट करते हुए अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने उनके हवाले से लिखा है, ‘जल्द ही पंजाब और उसके लोगों के हितों की सेवा करने के लिए अपनी खुद की पार्टी का ऐलान करेंगे। इन लोगों में हमारे किसान भी शामिल हैं जो करीब एक साल से अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं।’ 
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा है, ‘अगर किसानों के हित में किसान आंदोलन का समाधान हो जाता है तो 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा के सीटों के समझौते की संभावना है। इसके अलावा अकाली समूहों से अलग हुए दलों सहित समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ गठबंधन करने का भी विचार करेंगे।’