भाजपा का जेल भरों आंदोलन, सांसद बघेल व पूर्व मंत्री पांडेय के नेतृत्व में 920 कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। आंदोलन, धरना-प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति लिए जाने संबंधी प्रदेश सरकार के आदेश के खिलाफ भाजपा ने आज जिला मुख्यालय में जेल भरों आंदोलन के तहत प्रदर्शन किया। लगभग 2500 की संख्या में कार्यकर्ता रविशंकर स्टेडियम के पास मानस भवन में रैली के रूप में पहुंच कर एकत्रित हुए। जहां सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने सरकार के इस आदेश को लोकतंत्र की हत्या बताया और कहा कि हर मोर्चे पर विफल भूपेश सरकार विरोध प्रदर्शन से डरी हुई है। जिसके कारण इस प्रकार के काला कानून को जनता के उपर थोपा जा रहा है। प्रदर्शन के पश्चात 920 पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी।

Picsart 22 05 16 19 23 08 266

प्रदेश भाजपा के जेल भरो आंदोलन के आव्हान पर कार्यकर्ता दोपहर में मानस भवन में एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों के लिए यहां संगठन की ओर से पंडाल और मंच बनाया गया था। मंच पर पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, रमशिला साहू, विधायक विद्यारतन भसीन, पूर्व विधायक सांवला राम डाहरे, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर आदि सहित अन्य नेता मौजूद थे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जिसके बाद मौके पर ही पुलिस प्रशासन को मंडल अनुसार कार्यकर्ताओं की सूची सौंप कर गिरफ्तारी दी गई। प्रदर्शन के दौरान भारी पैमाने पर पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। गिरफ्तारी के पश्चात मंच से ही एसडीएम विनय पोयाम सभी की जमानत मुचलके पर रिहाई किए जाने की घोषणा कर दी गई। प्रदर्शन लगभग तीन घंटे तक जारी रहा।