Skip to main content

4thnation

पालीथीन मुक्त अभियान में 90 वर्षीय जानकी देवी बनी प्रेरणा, फल खरीद रही महिला को दिया कपड़े का थैला

रिसाली, 4 जून 2025: नगर पालिक निगम रिसाली और स्वयंसिद्धा संगठन के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे पालीथीन मुक्त अभियान के तहत मंगलवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। 90 वर्षीय जानकी देवी ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए फल खरीद रही एक महिला को कपड़े का बैग देकर पालीथीन उपयोग नहीं करने का संदेश दिया।

यह प्रेरणादायक घटना कृष्णा टॉकीज रोड पर हुई, जहां स्वयंसिद्धा की महिलाओं ने डॉ. सोनाली चक्रवर्ती के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली। इस रैली का उद्देश्य नागरिकों को वन टाइम यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और इसके विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस मौके पर नगर निगम रिसाली की आयुक्त मोनिका वर्मा ने कहा कि, “पर्यावरण संतुलन के लिए प्लास्टिक का उपयोग प्रतिबंधित करना आवश्यक है। हालांकि, अब केवल नियम बनाना काफी नहीं, जनजागरूकता ही असली समाधान है। महिलाएं जब अपनी दिनचर्या में कपड़े के थैलों का उपयोग शुरू करेंगी, तो पूरा परिवार उनका अनुसरण करेगा।”

अभियान के दौरान शामिल प्रमुख लोग:
डिगेश्वरी चंद्राकर, गोपाल सिन्हा, बृजेन्द्र परिहार, पी.आई.यू. विजय कश्यप, एन.एल.यू.एम. की अरुणा धृतलहरे, आइरा आनंद सहित कई अन्य जागरूक नागरिकों ने भाग लिया।

थैले बांटे, दुकानों पर दी समझाइश
स्वयंसिद्धा की महिलाओं ने दुकानदारों से आग्रह किया कि वे ग्राहकों को पालीथीन बैग न दें और विकल्प स्वरूप कपड़े के थैले ही इस्तेमाल करें। इस दौरान राह चलते ग्राहकों को थैले बांटकर स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया।

तख्तियों के साथ निकली रैली
बड़ी संख्या में महिलाओं ने कृष्णा टॉकीज रोड पर रैली निकाली। उन्होंने हाथों में तख्तियाँ लेकर “प्लास्टिक नहीं – थैला सही”, “धरती बचाओ – थैला अपनाओ” जैसे नारे लगाते हुए आमजन को जागरूक किया।