Skip to main content

4thnation

लॉक डाऊन में प्रत्येक राशनकार्ड धारी को आर्थिक मदद दे छत्तीसगढ़ सरकार : सतीश पारख

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। जोगी कांग्रेस के नेता सतीश पारख ने लॉकडाउन की अवधि में प्रदेश के नागरिकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग राज्य सरकार से की है। साथ ही उन्होंने कोरोना संक्रमण से काल का ग्रास बने कर्मचारियों के परिवार के सदस्य को उनकी योग्यता के अनुसार अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की मांग भी की है।


जारी बयान में उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के चलते आर्थिक तकलीफों से परेशान प्रदेश के प्रत्येक राशनकार्ड धारी परिवारों को दिल्ली की केजरीवाल सरकार की तर्ज पर छत्तीसगढ़ सरकार भी 10-10 हजार रुपए की आर्थिक मदद करे। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी ने प्रदेश के लाखों लोगों को अपनी चपेट में लिया है जिसमे हजारों की संख्या में केंद्र व प्रदेश सरकार के कर्मचारियों के साथ आमजन भी काल के गाल में समा चुके है। परिवार के कमाऊ व्यक्ति के चले जाने से परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे परिवार के सदस्यों को उनकी योग्यता के अनुसार केंद्र व राज्य सरकार अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की जाए। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री सचिवालय नई दिल्ली व मुख्यमंत्री सचिवालय रायपुर को पत्र भी प्रेषित किया है। उन्होंने लॉक डाऊन के चलते व्यवसाय व काम बन्द हो जाने से मध्यम व निम्न वर्ग के परिवार जिनके सामने आर्थिक संकट आन खड़ा हो गया है ऐसे प्रत्येक परिवारों को दिल्ली की केजरीवाल सरकार की तर्ज पर उनके राशन कार्ड के आधार पर प्रदेश सरकार से 10-10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग सतीश पारख ने की है। उन्होंने प्रेषित पत्र में कोरोना से मृत हुवे अन्य व्यक्तियों जो किसी शासकीय नॉकरी में नही भी रहे हों ऐसे परिवार के योग्य युवा को भी केंद्र व राज्य सरकार मिलकर शासकीय नियुक्ति के साथ साथ आर्थिक मदद भी देने का आग्रह किया है।