Skip to main content

4thnation

पुलिस ने दी बैंक अधिकारियों को हिदायत, सुरक्षा के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

भिलाई (छत्तीसगढ़)। आज बुधवार की दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में बैंक अधिकारियों के साथ हुई बैठक में पुलिस ने बैंक तथा एटीएम की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने हिदायत दी कि सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने पर संबंधित बैंक अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसपी दुर्ग शलभ सिन्हा के निर्देशन पर आयोजित इस बैठक में निजी व सरकारी बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे। पुलिस व प्रशासन की ओर से एएसपी सिटी संजय कुमार ध्रुव एसडीएम दीपक निकुंज, डीएसपी ट्रेफिक सतीश ठाकुर, सीएसपी भिलाई नगर विश्व दीपक त्रिपाठी, टीआई सुपेला दुर्गेश शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में बैंक अधिकारियों को बैंकों में सुरक्षा प्रबंध चाक-चौबंद करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैंक अधिकारियों को स्पष्ट रुप से कहा कि सुरक्षा प्रबंधों में चूक बरतने वाले बैंकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन बैंकों में गार्ड और सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं होगी, उन बैंकों को पुलिस द्वारा नोटिस दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन दिनों बैंकों में आपराधिक वारदातों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं को रोकने के लिए बैंकों का सहयोग होना बेहद जरूरी है।

बैंक अधिकारी स्वयं व बैंक के गार्ड बारे जानकारी नजदीकी थाने में अवश्य दें ताकि जरूरत के समय आपस में संपर्क हो सके। इसके अलावा बैंकों में सुरक्षा मानकों की समय-समय की जांच अवश्य करवाएं। बैंकों के अंदर व बाहर हाई रेज्यूलेश के कैमरे लगे हो व इसमें ज्यादा से ज्यादा दिनों की रिकार्डिंग सेव रहे।

बैंकों का अलार्म सिस्टम दुरूस्त हो व जहां कैश रखा जाता है, वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हो। एटीएम मे सुरक्षा गार्ड के साथ-साथ अच्छी क्वालिटी के सेंसर भी लगे हो। बैंक में या आसपास अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो तुरंत इस बारे डायल 112 पर सूचना दें। सभी एटीएम में डायल 112 के नंबर, थाना प्रभारियों एवम वरिष्ठ अधिकारियों के नंबर चस्पा करने के निर्देश दिए गए।