Skip to main content

4thnation

भिलाई: अवैध कब्जा हटाने गई टीम पर हमला, महिला और पुरुष आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/दुर्ग, 06 जून 2025/
दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में अवैध कब्जा हटाने गई नगर निगम की टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निगम कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, पत्थर फेंकने और डंडे से हमला करने की कोशिश की थी। यह घटना भिलाई के वार्ड 14, शांति नगर में हुई।

नगर निगम भिलाई के जोन-2 कार्यालय में पदस्थ सुपरवाइजर मदन मोहन तिवारी की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों सलीना और सदरुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


पहले तीन बार दिया गया था नोटिस

मामले की जानकारी के अनुसार, शांति नगर में थाना वैशाली नगर भवन निर्माण के लिए शासकीय भूमि आबंटित की गई थी। लेकिन वहां कुछ लोगों ने बाउंड्रीवाल, शेड, मकान और गार्डन बनाकर अवैध कब्जा कर लिया था। अतिरिक्त तहसीलदार भिलाई नगर द्वारा दिए गए ज्ञापन के तहत कब्जाधारियों को तीन बार नोटिस देकर सूचित किया गया था कि वे शासकीय भूमि खाली करें।


पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई

कब्जा नहीं हटाए जाने पर पुलिस बल और जोन-2 राजस्व अमला की उपस्थिति में बेहद संवेदनशील कार्रवाई की गई। इसी दौरान आरोपी सलीना और सदरुद्दीन अंसारी, जो देवेन्द्र विश्वकर्मा के मकान में किरायेदार थे, ने निगम कर्मचारियों के साथ हंगामा किया, गाली-गलौज की और हमला करने की कोशिश की


सरकार की सख्त नीति का हिस्सा

यह कार्रवाई राज्य शासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई है, जिसके अंतर्गत शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने की मुहिम चल रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में शासकीय कार्य में बाधा या सरकारी कर्मचारियों पर हमला सहन नहीं किया जाएगा।