Skip to main content

4thnation

बलरामपुर थाने में पूछताछ के लिए बुलाए गए प्यून ने लगाई फांसी, लोगों का थाने के सामने हंगामा

बलरामपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अस्पताल में कार्यरत एक प्यून ने पुलिस थाने में पूछताछ के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक गुरूचंद मंडल बलरामपुर अस्पताल में प्यून के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी पिछले 20 दिनों से लापता थी, और इस मामले में पुलिस लगातार गुरूचंद से पूछताछ कर रही थी। आज गुरुवार को भी गुरूचंद को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जहां उन्होंने थाने के बाथरूम में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और नाराज होकर थाने के सामने हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने एसपी कार्यालय के सामने एनएच-343 पर चक्काजाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों को भी पुलिस ने थाने में बुला लिया गया है।

बलरामपुर अस्पताल में पदस्थ बीपीएम स्मृति एक्का ने इस घटना की निंदा की और सवाल उठाया कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद थाने में गुरूचंद ने कैसे फांसी लगा ली। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस अधिकारी अभी इस पर कोई बयान देने से बच रहे हैं।