Skip to main content

4thnation

राम वन गमन पर्यटन परिपथ : राजिम में स्थापित भगवान राम की 25 फीट प्रतिमा का सीएम ने किया अनावरण

रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के पवित्र तीर्थ राजिम में स्थापित भगवान राम की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को एक भव्य समारोह में अनावरण किया। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी राम वन गमन पर्यटन परिपथ योजना के तहत लगी भगवान राम की यह तीसरी प्रतिमा है।

पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया, भगवान राम की इस मूर्ति को पांच महीने की अल्पावधि में तैयार किया गया है। इस भव्य मूर्ति को तैयार करने में ओड़िसा के 20 शिल्पकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है। इसे हाथ से तराश कर छत्तीसगढ़ के बिल्हा स्टोन से निर्मित किया गया है। मूर्ति को आठ फीट ऊंचे चबूतरे पर स्थापित किया गया है।

सरकार की राम वनगमन पर्यटन परिपथ योजना में त्रिवेणी संगम राजिम भी शामिल है। यहां पर विकास के लिए राज्य सरकार ने 13 करोड़ 12 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। इससे पहले कौशल्या माता मंदिर चंदखुरी और शिवरीनारायण में भगवान राम की इस तरह की प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजिम पहुंचकर श्री राजीव लोचन मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाद में भगवान राम की प्रतिमा का अनावरण किया। राजिम-चौबेबांधा-नवागांव मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और 3.7 किलोमीटर लंबे लक्ष्मण झूला पहुंच मार्ग का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष चित्ररेखा साहू, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राम सुंदर दास और क्षेत्रीय विधायक अमितेश शुक्ला मौजूद रहे।