Skip to main content

4thnation

उपचुनाव में मिली जीत, सरकार ने प्रारंभ की खैरागढ़ को जिला बनाने की कवायद शुरू, देर शाम जारी होगा नोटिफिकेशन

रायपुर (छत्तीसगढ़)। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के साथ ही नया जिला बनाने की प्रशासनिक तैयारी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि सरकार ने सामान्य प्रशासन और राजस्व विभाग के अफसरों को रविवार को भी काम पर बुला लिया है। कोशिश हो रही है कि देर शाम तक जिला गठन का शुरुआती नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाए। इसमें नए जिले की सीमा आदि पर दावा-आपत्ति भी मंगाने की प्रक्रिया भी शामिल होगी।

खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस ने बकायदा घोषणापत्र जारी किया था। इसमें पहला ही वादा नए जिले का था। इस जिले का नाम ‘खैरागढ़-छुईखदान-गंडई’ होने वाला है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने चुनावी जनसभाओं में यह वादा बार-बार दोहराते रहे हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया था, 16 अप्रैल को खैरागढ़ में कांग्रेस का विधायक बनेगा और 17 अप्रैल को ‘खैरागढ़-छुईखदान-गंडई’ नया जिला बन जाएगा। कांग्रेस का पूरा प्रचार अभियान इस जिले के इर्द-गिर्द केंद्रित रहा।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के नया जिला बनने से पुराना राजनांदगांव जिला तीन हिस्सों में बंट जाएगा। इसी जिले में एक नया जिला मोहला-मानपुर-चौकी भी प्रस्तावित है। बताया जा रहा है, अभी राजनांदगांव जिले का क्षेत्र 8 हजार 70 वर्ग किलोमीटर है। प्रस्तावित मोहला-मानपुर-चौकी जिले में अम्बागढ़ चौकी, मोहला और मानपुर तहसीलें चली जाएंगी। वहीं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में खैरागढ़ और छुईखदान तहसीलों के साथ डोंगरगढ़ तहसील का भी कुछ हिस्सा शामिल हो सकता है। मूल राजनांदगांव जिले में चार तहसीलें राजनांदगांव, डोंगरगढ़, डोंगरगांव और छुरिया शामिल रहेंगी।