Skip to main content

4thnation

बलिदानी प्रतापी राजा गुरु बालकदास ने समाज में फैली हुई कुरीतियों का किया समूल नाश : मंत्री गुरु रुद्रकुमार

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार आज विधानसभा अहिवारा में गुरु घासीदास सेवा एवं संस्कार परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम का आयोजन अहिवारा बानबरद के वार्ड क्रमांक-13 स्थित सतनाम धाम में किया गया। मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने कहा कि बलिदानी राजा गुरु बालकदास का जीवन बहुत ही संघर्षों से गुजरा उन्होंने समाज को एकत्रित करने के लिए सेना का निमार्ण किया। जिन्होंने उस दौर के सामाजिक उतार चढ़ाव एवं समाज में फैली हुई विभिन्न कुरीतियों का समूल नाश किया।बलिदानी राजा गुरु बालकदास शौर्य के प्रतीक है।

मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने बताया उनके इन्ही शौर्यगाथा के कारण तत्कालीन अंग्रेज शासन के अधिकारियों ने गुरु बालकदास जी को राजा की पदवी से नवाजा। समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होने से ही समाज का हित है। हम सभी को परम पूज्य संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास के बताए मार्ग में चलना चाहिए। सभी समाज के लोगों को उनके बताए मार्ग पर चलने से समाज और लोगों का उत्थान होगा। उन्होंने समस्त सतजनों को समाज को संगठित और मजबूत करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों द्वारा सतनाम धाम प्रांगण में बाउंड्रीवॉल एवं पानी टंकी के मांगो को सहर्ष स्वीकार कर मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने मांगो को पूर्ण करने हेतु घोषणा की । इस अवसर पर गुरु प्रवक्ता डॉ.एम.के. कौशल, नगरपालिका अध्यक्ष नटवर लाल ताम्रकार, समिति के अध्यक्ष आर.एल.कोसरे,पार्षद डेजी टंडन, महंत मनीष बंजारे, हीरा वर्मा एवं समस्त सामाजिक पदाधिकारी, राजमहन्त, साटीदार, भंडारी एवं बड़ी संख्या में सत समाज के लोग उपस्थित थे।