रायपुर (छत्तीसगढ़)। मंगलवार को राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) कैडर के 37 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। बता दें कि राज्य सरकार ने 19 जिलों के कलेक्टरों के तबादले भी किए। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार को बिलासपुर स्थानांतरित किया गया है, जबकि दुर्ग के कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे को रायपुर कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली है। वहीं दुर्ग की जिम्मेदारी कोंडागांव कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा को सौंपी गई है।
कोरबा कलेक्टर रानू साहू को रायगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राजनांदगांव कलेक्टर तरण प्रकाश सिंह को जांजगीर-चांपा की जिम्मेदारी दी गई है। सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा को भी बदला गया है। बता दें कि संजीव कुमार झा को अब कोरबा का कलेक्टर बनाया गया है। साथ ही चंदन कुमार (कांकेर) को बस्तर, दीपक सोनी (दंतेवाड़ा ) को कोण्डागांव और जितेन्द्र कुमार शुक्ला (जांजगीर-चांपा) को बेमेतरा की जिम्मेदारी मिली हैं। बलौदा बाजार-भाटापारा के कलेक्टर डोमन सिंह का तबादला राजनांदगांव कर दिया गया है। वहीं कोंडागांव के कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा को दुर्ग जिले की जिम्मेदारी मिली है।
