Skip to main content

4thnation

निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने ली अधिकारियों की बैठक, कहा पारदर्शिता व निष्पक्षता से कराएं चुनाव

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। नगरीय निकायों के निर्वाचन को देखते हुए तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने आज भिलाई निगम सभाकक्ष में ली। बैठक में निर्वाचन अधिकारियों को दिये अपने निर्देश में उन्होंने कहा कि निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निर्वाचन संपन्न करने की दिशा में आपको कार्य करना है। इसके लिए जो भी संभव उपाय हैं वो किये जाएं। आयोग के निर्देशों के मुताबिक मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए।

आयुक्त ने कहा कि कोविड प्रोटोकाल का पालन बेहद जरूरी है। सभी पोलिंग एजेंट का वैक्सीनेशन जरूरी है। इसके अलावा मतदान के कार्य में लगे अन्य लोगों का वैक्सीनेशन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मताधिकार सबके लिए है। यदि कोई कोविड मरीज भी मतदान डालना चाहता है तो उसे मतदान करने दिया जाएगा। इसकी वजह से अन्य मतदाताओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन इनसे समन्वय कर कोविड मरीज के मतदान का समय नियत कर देगा। कोविड मरीज को पीपीई किट आदि पहन कर ही मतदान करना होगा। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने बताया कि कोविड प्रोटोकाल का विशेष ध्यान रखा गया है। मतदान दलों को जो किट दिये जाएंगे, उसमें भी सैनिटाइजर दिया जाएगा। इसके अलावा मतदान केंद्रों में भी सैनिटाइजेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में प्रेक्षक भिलाई पी. दयानंद, प्रेक्षक रिसाली राजेश सुकमार टोप्पो, प्रेक्षक नगर निगम भिलाई चरौदा अवनीश शरण तथा प्रेक्षक जामुल नरेंद्र कुमार दुग्गा, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, एसएसपी बद्रीनारायण मीणा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा, आरओ रिसाली नूपुर राशि पन्ना, आरओ भिलाई पदमिनी भोई, आरओ भिलाई चरौदा विपुल गुप्ता, आरओ जामुल जागेश्वर कौशल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि रिटर्निंग आफिसर प्रत्याशियों को जुलूस रैली आदि की अनुमति के आवेदन पर निर्णय समयावधि में दें। बिना अनुमति जुलूस रैली आदि पर प्रत्याशियों को नोटिस जारी करें। उन्होंने कहा कि जिन प्रत्याशियों द्वारा व्यय की नियमित जानकारी नहीं दी जा रही है उन पर भी नियमानुसार कार्रवाई करें।
औद्योगिक श्रमिकों को भी मिले मतदान के लिए समय
आयुक्त ने कहा कि औद्योगिक श्रमिकों को भी मतदान के लिए समय मिल सके। इसके लिए आयोग ने निर्देश दिये हैं। इस संबंध में नियोक्ताओं से भी चर्चा कर ली जाए ताकि हर कोई अपने मताधिकार का प्रयोग सहजता से कर सके। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया होने की वजह से इस संबंध में विशेष रूप से ध्यान रखने की जरूरत है कि औद्योगिक श्रमिकों को मतदान के लिए वक्त मिल पाए।
हेल्थ स्टाफ की भी रहे मौजूदगी
आयुक्त ने कहा कि मतदान और मतगणना के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों के साथ ही हेल्थ स्टाफ की नियुक्ति भी सुनिश्चित करें। मतदान दलों के प्रशिक्षण में एवं राजनीतिक दलों की बैठक में कोविड प्रोटोकाल के संबंध में जरूर बताएं।