मोजांबिक रूस और मंगोलिया की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ हुआ तीसरे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आगाज

Picsart 22 11 01 22 52 27 766

रायपुर (छत्तीसगढ़)। मोजांबिक, रूस और मंगोलिया की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ आज से तीसरे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आगाज हो गया। आज के स्वागत कार्यक्रम में मोजांबिक से आए नर्तक दल ने सबसे पहले प्रस्तुति दी। उन्होंने फसल कटाई के अवसर पर किया जाने वाला डांस फॉर्म प्रस्तुत किया। वहीं रूस और मंगोलिया के नर्तक दलों ने फ्युजन डांस फॉर्म प्रस्तुत किया। इसमें वहां की संस्कृति, रीति रिवाज, परंपरा, प्राकृतिक सुंदरता प्रदर्शित होती है। अचीवमेंट इन हंटिंग, हाइटाइट स्ट्रेंथ, इंट्यूशंस ऑफ एनिमल्स एंड लाइफस्टाइल विषयों पर केंद्रित प्रस्तुतियों से मंगोलिया ने समां बांध दिया।

Picsart 22 11 01 22 53 36 291

राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय प्रतिष्ठापूर्ण राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव देश-विदेश से आए हुए आदिवासी लोक नर्तकों से न केवल गुंजायमान हो रहा है, वरन् उनके साथ थिरक भी रहा है। हजारों जोड़ी आंखे इन दृश्यों को न केवल देख रही है, बल्कि इन लोक-लुभावन दृश्यों को देखकर उनका हृदय भी झूम रहा है। लोक नृत्य के कलाकारों के कदम ताल से हजारों दर्शकों के पांव भी थिरकने लगे हैं।

Picsart 22 11 01 22 53 04 072

कश्मीर और असम के कलाकारों ने मचाया धमाला
राज्योत्सव के प्रथम दिन कश्मीर के धमाली लोक नृत्य के कलाकारों की प्रस्तुति को देखकर लग रहा था जैसे कश्मीर की खूबसूरत वादियां छत्तीसगढ़ की सरजमीन पर उतर आई हैं। कश्मीर के इस खूबसूरत लोक नृत्य में प्रकृति की आराधना ईश्वर के रूप में की जाती है।
इसके पश्चात असम के कलाकारों ने ‘दोमती के कण’ कुरूख नृत्य की प्रस्तुति दी। इस नृत्य में बैसाख के दिन में असम के युवक-युवतियां नाच-गाकर अपनी खुशियां बांटते हैं और अपने बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद लेने की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए आज भी अपनी संस्कृति को संरक्षित किए हुए है। इस नृत्य में ‘चेन’ ढोल नुमा वाद्य यंत्र का प्रयोग किया जाता है। साथ ही इस नृत्य में एक नई उम्मीद और विश्वास के साथ उन्हें घरों में प्रवेश दिया जाता है।