माता कौशल्या महोत्सव का सीएम बघेल ने किया समापन, रोमांच के साथ महिला सशक्तिकरण की दिखी झलक

Picsart 23 04 24 21 52 57 088

रायपुर, (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भगवान श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की नगरी चंदखुरी में आयोजित तीन दिवसीय माता कौशल्या महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। माता कौशल्या महोत्सव को इस वर्ष महिला सशक्तिकरण की थीम पर मनाया गया। आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित देश के ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत चंदखुरी के कौशल्या धाम परिसर में माता कौशल्या महोत्सव के पहले 9 करोड़ 88 लाख  रूपए की लागत से तैयार वॉटर, लेजर, लाईट एवं साऊण्ड शो का शुभारंभ किया। लेजर साउंड शो के जरिए श्रद्धालू को माता कौशल्या की जीवनी से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री बघेल ने दर्शक दीर्घा में बैठकर लेजर साउंड शो देखा। वहीं मशहूर गायक पद्मश्री कैलाश खेर ने इस आयोजन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री की सराहना की।

Picsart 23 04 24 21 52 06 282

बता दें कि लेजर शो  वाटर ,लेजर, लाइट ,साउंड शो तीन चरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। पहला चरण 10 मिनट का है। इसमें माता कौशल्या धाम चंदखुरी को आधार बनाकर माता कौशल्या के जन्म से लेकर विवाह और पुत्र जन्म तक का फिल्मांकन किया गया है। दूसरा चरण 15 मिनट का है। इसमें राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत वर्तमान में चिन्हांकित 10 स्थलों के प्राचीन महत्व पर आधारित फिल्म का निर्माण किया गया है। तीसरे और अंतिम चरण में पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, खान-पान, जनजातीय जीवन शैली और विकास से संबंधित जानकारी मूलक फिल्म का निर्माण किया गया है। इस चरण की अवधि लगभग 15 मिनट की है।

Picsart 23 04 24 21 50 59 811

म्यूजिकल फाउंटेन के माध्यम से राज्यगीत, छत्तीसगढ़ी लोकशैली और देशभक्ति गीतों की भी प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री बघेल स्वयं दर्शक दीर्घा में पहुंचे और लेजर साउंड शो का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माता कौशल्या धाम के उद्यान का किया लोकार्पण। उद्यान में प्रभु श्री राम के पदचिन्ह एवं बस्तर के मशहूर तीरथगढ़ जलप्रपात की प्रतिलिपि स्थापित की गई है। 

चंदखुरी स्थित माता कौशल्या धाम,  राम वनगमन पर्यटन परिपथ का अति महत्वपूर्ण स्थल है । यह स्थल राजधानी रायपुर से मात्र 27 कि.मी. की दूरी पर स्थित है । 126 तालाबों वाले इस गांव में जलसेन तालाब के बीच में माता कौशल्या का एतिहासिक मंदिर स्थित है जो पूरे भारत में सिर्फ यहीं पर है । प्रभु श्रीराम को गोद में लिए हुए माता कौशल्या की अद्भुत प्रतिमा इस मंदिर को दुर्लभ बनाती है ।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माता कौशल्या की जन्मभूमि चंदखुरी के वैभव को विश्व पटल पर स्थापित करने, प्रदेश की कला, संस्कृति एवं पर्यटन को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण, कलाकारों के संरक्षण, संवर्धन एवं कला दलों के सतत् विकास हेतु इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर माता कौशल्या महोत्सव मनाने की घोषणा की थी।
पर्यटन कैफे का हुआ उद्घाटन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माता कौशल्या महोत्सव के समापन अवसर पर मंदिर परिसर में स्थित पर्यटन विभाग द्वारा तैयार टूरिज्म कैफे का भी उद्घाटन किया। पयर्टन कैफे शुरू होने से अब यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को छत्तीसगढ़ी व्यंजन सहित मिलेट्स से तैयार किए गए खाद्य उत्पाद उपलब्ध होंगे। इस कैफे के शुरू होने से श्रद्धालुओं को छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा और पर्यटक भी छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से रूबरू हो सकेंगे.
महिला स्व-सहायता समूह की स्टॉलों में दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार काम कर कर रही है। मेला, उत्सवों एवं अन्य प्रदर्शनी आदि कार्यक्रमों के अवसर पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं के विक्रय एवं प्रचार-प्रसार हेतु उनको बाजार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। माता कौशल्या महोत्सव के मौके पर भी महिला स्व-सहायता द्वारा उत्पादित वस्तुओं को विक्रय के लिए विशेष तौर पर नौ स्टॉल तैयार किए गए थे। महिलाओं द्वारा संचालित इन स्टालों में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक देखने को मिली।