खैरागढ़ राज परिवार के सदस्य व विधायक देवव्रत सिंह का निधन, सीएम बघेल ने जताया शोक

PicsArt 11 04 03.45.25

रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ राज परिवार के सदस्य व विधायक देवव्रत सिंह का निधन हो गया है। बुधवार देर रात करीब 3 बजे अचानक ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वह 52 वर्ष के थे। उनके निधन से सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने खैरागढ़ विधायक के निधन पर शोक जताया। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी देवव्रत सिंह के निधन पर दुख जताया है।

विधायक व पूर्व सांसद देवव्रत सिंह खैरागढ़ राज परिवार के सदस्य थे। उनके निधन से परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है। लंबे समय तक कांग्रेस में रहे देवव्रत सिंह ने बाद में पूर्व सीएम अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ज्वाइन कर ली थी। पार्टी ने उन्हें टिकट भी दिया और जीत दर्ज करने में सफल रहे।
पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि देवव्रत सिंह जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का साथ छोड़कर कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं। देवव्रत सिंह पहले भी कांग्रेस के टिकट पर खैरागढ़ के विधायक और राजनांदगांव से सांसद रह चुके थे। कांग्रेस में लौटने की अटकलों के बीच उनके अचानक निधन से शोक की लहर दौड़ गई।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने देवव्रत सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘खैरागढ़ के विधायक और राज परिवार के अहम सदस्य देवव्रत सिंह जी का आकस्मिक निधन छत्तीसगढ़ की एक राजनीतिक क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिजनों को दुःख सहने का संबल प्रदान करें।’