Skip to main content

4thnation

काले झंडे दिखाने पर विवाद : दूसरे दिन भी जारी रहा भाजपा का बवाल, राजभवन मार्च स्थगित, कल रायपुर बंद का आह्वान

रायपुर (छत्तीसगढ़)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को काले झंडे दिखाए जाने को लेकर जारी भाजपा का बवाल दूसरे दिन भी जारी है। शनिवार शाम से ही विधानसभा थाने में धरना दे रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की रविवार को पुलिस के साथ भिडंत हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी विधानसभा थाना पहुंच गए। वहां कार्यकर्ताओं के साथ थोड़ी देर तक धरने पर बैठे। वहीं भाजपा ने रविवार दोपहर को प्रस्तावित राजभवन तक जुलूस निकाले जाने के निर्णय को स्थगित कर दिया। सोमवार को रायपुर बंद का आह्वान किया गया है।

बताया जा रहा है, भाजपा कार्यकर्ताओं का नया जत्था 11 बजे के करीब थाना पहुंचा। वे लोग वहां दरी बिछाने लगे। पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर में दरी बिछाने से रोक दिया। भड़के हुए भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से उलझ पड़े। धक्का-मुक्की के बाद वहां अतिरिक्त बलों को बुला लिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के संदेश भेजा। आनन-फानन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह समेत कई भाजपा नेता विधानसभा थाने पहुंच गए। उनके पहुंचने ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी तेज कर दी। उन्होंने वहां धरने पर बैठे राजेश मूणत और दूसरे नेताओं से चर्चा की। थोड़ी देर धरने पर बैठने के बाद रमन सिंह वापस लौट गए हैं।
पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने पुलिस कर्मियों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। उनका कहना था सादी वर्दी में आए पुलिस कर्मियों ने उनको पीटा। भाजपा नेता उन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं पुलिस कर्मियों ने शिकायत की है कि पूर्व मंत्री ने थाने में उनके साथ मारपीट और अभद्रता की है। शासकीय कार्य करने से रोका है।