डब्लूएफआई के खिलाफ पहलवानों के समर्थन में लाखों किसान पहुंचेंगे दिल्ली, यौन शोषण का आरोप वापस लेने अधिकारी बना रहे दबाव

Picsart 23 04 25 15 58 04 023

नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती संघ (डब्लूएफआई) के खिलाफ पहलवानों का प्रदर्शन पार्ट-2 तीसरे दिन भी जारी है। विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक सहित कई खिलाड़ी रविवार (23 अप्रैल) को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंच गए थे। उसके बाद उनका धरना जारी है। अब पहलवानों को देश भर से समर्थन मिल रहा है। जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों को जम्मू-कश्मीर के पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक का साथ मिला है। मलिक ने खिलाड़ियों को समर्थन देने का एलान किया है। वह धरनास्थल पर जा सकते हैं। सत्यपाल मलिक ने ट्वीट किया, “बेटियों चिंता मत करना, पूरा देश आपके साथ है! मैं खुद आपके धरने पर आऊंगा।” वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अन्य नेता दिल्ली के जंतर मंतर पर पहलवानों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

बता दें पहलवानों ने जनवरी में भी कुश्ती संघ के अध्यक्ष भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन किया था। वर्तमान में जारी धरना प्रदर्शनकारी पहलवानों को समर्थन देने के लिए सोनीपत से किसानों का एक जत्था दिल्ली के जंतर-मंतर के लिए रवाना हुआ। किसान नेताओं ने कहा कि जब तक डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती वे दिल्ली से वापस नहीं लौटेंगे। उन्होंने कहा कि लाखों किसान जंतर-मंतर पर डेरा डालेंगे।

खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे आंदोलनकारी पहलवानों का कांग्रेस ने सोमवार को समर्थन किया। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ने को कहा। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस प्रमुख नेता डिसूजा ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी पहलवानों से मुलाकात की।

बजरंग पूनिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया है कि जिन सात महिला पहलवानों ने यौन शोषण की शिकायत की है, उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। कुश्ती संघ के कुछ अधिकारियों ने इस महिला पहलवानों से संपर्क किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। इन पहलवानों से शिकायत वापस लेने की बात कही गई है। सभी को पैसे का लालच भी दिया गया है। पूनिया ने यह भी कहा कि कुश्ती संघ के अधिकारी उनके घर जा रहे हैं और उन पर दबाव बना रहे हैं। अगर उन लड़कियों को कुछ होता है तो सरकार और पुलिस इसके जिम्मेदार होंगे। मुझे यह भी नहीं पता है कि इन लड़कियों के नाम का खुलासा कैसे हुआ है।

पहलवानों के प्रदर्शन के दूसरे चरण में पहली बार भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बयान आया। बृजभूषण ने कहा, ”यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। कोर्ट ही तय करेगा।”
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की पहलवानों की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को गंभीर बताया है। शुक्रवार को इस पर मामले पर सुनवाई होगी। सात महिला पहलवानों ने अपने यौन उत्पीड़न के आरोप में एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।