चंद्रयान-3 : यान लांचिंग के लिए तैयार, 14 जुलाई की दोपहर स्पेसशिप होगा चंद्रमा के लिए रवाना

नई दिल्ली। भारत 14 जुलाई को दोपहर 2.3 बजे श्रीहरिकोटा से स्पेसशिप चंद्रयान-3 लॉन्च करेगा। इसरो ने यह जानकारी दी है। इसके पहले इसरो चीफ एस सोमनाथ ने बताया था कि चंद्रयान 12 जुलाई से 19 जुलाई के बीच लॉन्च होना है। यान पूरी तरह तैयार है। इसे बुधवार को ही लॉन्चिंग यान में फिट किया गया था। इस मिशन का पूरा बजट 651 करोड़ रुपए का है।

अगर चंद्रयान-3 का लैंडर चांद पर उतरने में सफल होता है तो भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका, रूस और चीन चंद्रमा पर अपने स्पेसक्राफ्ट उतार चुके हैं। इस मिशन में भारत चांद की धरती पर एक लैंडर उतारेगा। चंद्रयान-3 में एक रोवर भी है जो चंद्रमा की धरती पर घूमेगा और वहां कुछ प्रयोग करेगा।

Picsart 23 07 06 19 18 21 412

इससे पहले चंद्रयान-2 मिशन को 22 जुलाई 2019 को लॉन्च किया गया था। 14 अगस्त को लैंडर और रोवर ने पृथ्वी की कक्षा छोड़ी थी। 6 दिन बाद इसने चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश किया था। 6 सितंबर को विक्रम लैंडर ऑर्बिटर से अलग हुआ था। मिशन के अनुसार विक्रम लैंडर को 7 सितंबर को भारतीय समय के अनुसार रात को 1 से 2 बजे के बीच लैंड करना था, लेकिन इससे पहले ही इसरो से विक्रम लैंडर का संपर्क टूट गया था। उस समय लैंडर चांद की सतह से 2.1 किलोमीटर दूर था। चंद्रयान ने 48 दिन में 30844 लाख किलोमीटर की यात्रा की थी। मिशन पर 978 करोड़ रुपए का खर्च आया था।

विक्रम लैंडर से भले निराशा मिली है लेकिन यह मिशन नाकाम नहीं रहा है, क्योंकि चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर चांद की कक्षा में अपना काम किया है। इस ऑर्बिटर में लगे कई साइंटिफिक उपकरण अच्छे से काम करते रहे। लैंडर को चंद्रम के दक्षिणी ध्रुव पर उतरना था। इसके बाद से ही भारत चंद्रयान-3 मिशन की तैयारी कर रहा है।

चंद्रयान-3 मिशन चंद्रमा की थर्मोफिजिकल प्रापर्टीज यानी वहां का तापमान आदि कैसा है का पता लगाएगा। साथ ही लूनार सिस्मिसिटी यानी चांद पर भूकंप कैसे आते हैं और कितने आते हैं इसका भी डेटा लेगा। चांद की सतह पर प्लाज्मा एनवायरन्मेंट और वहां की मिट्‌टी में कौन से तत्व हैं यानी चांद पर एलीमेंटल कंपोजिशन कैसा है इसकी स्टडी करेगा। इसके लिए यान में वैज्ञानिक उपकरण भी लगाए गए हैं।

इसरो चीफ एस सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-2 मिशन में हम असफल हुए थे। जरूरी नहीं कि हर बार हम सफल ही हों, लेकिन बड़ी बात ये है कि हम इससे सीख लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि असफलता मिलने का मतलब ये नहीं कि हम कोशिश करना ही बंद कर दें। चंद्रयान- 3 मिशन से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा और हम इतिहास रचेंगे।