Skip to main content

4thnation

फिर हुई सड़क दुर्घटना : ट्रक-बाइक की टक्कर में 4 लोगों की गई जान, सीएम ने प्रकट किया शोक

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। शहर में गुरुवार देर रात एक ट्रक ने बाइक सवारों को ठोकर मार दी। जिससे 4 लोगों की मौत हो गई। धमधा नाका रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रक बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए उन्हें लेकर सीधा नीचे खड़ी पिकअप पर गिरा। मृतकों में ट्रक चालक सहित बाइक सवार तीन लोग शामिल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू करवाया। इस दौरान चालक का शव ट्रक में ही फंस गया। उसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। दुर्घटना में मृत लोगों के प्रति मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संवेदना व्यक्त की है। दुर्ग में पिछले तीन दिन में यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है।

दुर्घटना गुरुवार देर रात 12 से 12.30 बजे के बीच की है। दुर्ग से धमधा की ओर जा रहे ट्रक ने धमधा नाका रेलवे फ्लाई ओवरब्रिज के ऊपर सामने आ रही बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर मुकेश बारले (45) इतनी ज्यादा रफ्तार में था कि सामने से आ रही बाइक को देखकर ट्रक कंट्रोल नहीं कर पाया। इससे वह बाइक को चपेट में लेते हुए ब्रिज के नीचे गिर गया। घटना में बाइक सवार तीन लोगों व ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। देर रात जब ट्रक ओवरब्रिज की रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे गिरा तो नीचे एक पिकअप और बाइक खड़ी थी। इसके चलते पिकअप और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
सड़क दुर्घटना में बालोद सिकोसा निवासी ट्रक ड्राइवर महेश बारले, बाइक सवार दुर्ग लुचकी पारा निवासी तौसिफ खान (26), दुर्ग तकियापारा निवासी साहिल खान (23) और दुर्ग चुलकी पारा निवासी मो. अमन (26) की मौत हुई है।