Skip to main content

4thnation

निलंबित आईपीएस जीपी सिंह के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश, 12000 पन्नों में पत्नी सहित माता-पिता को बनाया गया आरोपी

रायपुर (छत्तीसगढ़)। एंटी करप्शन ब्यूरो ने आज मंगलवार को रायपुर की अदालत में निलंबित एडीजी जीपी सिंह के खिलाफ चालान पेश कर दिया। इस आरोप-पत्र में जीपी सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, मां और पिता को भी आरोपी बनाए जाने की खबर है। अब तक अदालत में आय से अधिक संपत्ति मामले में जीपी सिंह के खिलाफ ट्रायल शुरू नहीं हो सका है, इस चार्जशीट के पेश हो जाने के बाद अब मामले की सुनवाई आगे बढ़ सकती है।
मिली खबरों के अनुसार एंटी करप्शन ब्यूरो ने संपत्ति की जांच करते हुए शायद सभी की प्रॉपर्टी का ब्यौरा एक साथ कर इसे गलत बताने की कोशिश की है। करीब 12000 पन्नों की चार्जशीट है।

चार्जशीट में निलंबित आईपीएस जीपी सिंह की पत्नी मनप्रीत कौर मां सुरिन्दर, और पिता परमजीत सिंह को आय से अधिक संपत्ति मामले में आरोपी बनाया गया है। चार्ज शीट में इनके नामों का जिक्र बतौर आरोपी किया गया है। हालांकि कुछ दिन पहले कोर्ट में पेशी के दौरान अदालत के कैंपस में ही जीपी सिंह ने कहा था कि जिस संपत्ति को मेरे पिता और परिवार की संपत्ति बताया जा रहा है वह हमारी संपत्ति नहीं है। एफआईआर गलत तरीके से लिखी गई है। बचाव पक्ष के वकील भी अदालत में यही दावा करते रहे हैं कि यह पूरी तरह से अफसर को फंसाने की साजिश है। फिलहाल मंगलवार को चार्जशीट पेश हो जाने के बाद अदालत ने परिवार के लोगों को पेश होने का फिलहाल कोई नोटिस जारी नहीं किया है। जल्द ही इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख तय हो सकती है। पिछले करीब डेढ़ महीने से जीपी सिंह रायपुर की सेंट्रल जेल में इसी मामले में बंद है।