Skip to main content

4thnation

तेज रफ्तार का कहर : बेकाबू ट्रक ने स्कूटी सवार को मारी ठोकर, जीजा की साले के सामने हुई मौत

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। नेशनल हाइवे 53 पर तेज रफ्तार वाहन का कहर फिर टूटा है। बेकाबू ट्रक की ठोकर से स्कूटी सवार चालक की मौत हो गई। मृतक रायपुर से दुर्ग की ओर आ रहा था। दुर्घटना गुरुवार की सवेरे लगभग 11.30 बजे हुई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
इस दुर्घटना में स्कूटर सवार उमेश बंजारे की मौत हुई है। दुर्घटना में युवक के सिर में गहरी चोट आई। इससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुम्हारी पुलिस ने शव को पंचनामा के लिए भेजा है।

कुम्हारी थाना प्रभारी सुधांशु बघेल ने बताया कि रायपुर कोटा निवासी उमेश बंजारे (26 साल) स्कूटर CG04 HU 7769 से रायपुर से दुर्ग की तरफ जा रहा था। चरोदा के आगे कुम्हारी थाना अंतर्गत इंद्रप्रस्थ होटल के पास ट्रक CG04 MS 7963 ने स्कूटर को ठोकर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वहां से भाग रहा था।

सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक नागेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उमेश बंजारे अपने साले के साथ दुर्ग की तरफ जा रहा था। उसका साला दूसरी गाड़ी में था। दुर्घटना के तुरंत बाद साला वहां पहुंचा। उसने पुलिस को फोन किया। पुलिस की टीम और हाइवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची।