Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024–30 के तहत ICCK के साथ होगा ज्ञान और निवेश सहयोग, कोरियाई कंपनियों को आमंत्रण

रायपुर, 27 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने दक्षिण कोरिया प्रवास के दौरान सियोल में एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर एसोसिएशन (ATCA) के चेयरमैन श्री ली जे जेंग और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ में निवेश और सहयोग की संभावनाओं का अवलोकन करने के लिए ATCA प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और टेक्सटाइल कंपनियों के लिए छत्तीसगढ़ निवेश के अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। उन्होंने राज्य में उपलब्ध राष्ट्रीय संस्थानों जैसे IIT, IIM, NIT और AIIMS में विश्वस्तरीय प्रतिभा की उपलब्धता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘प्लग एंड प्ले’ इंफ्रास्ट्रक्चर और सशक्त लॉजिस्टिक्स नेटवर्क राज्य को ATCA कंपनियों के अनुसंधान एवं विकास केंद्रों के लिए स्वाभाविक हब बनाता है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और मजबूत बुनियादी ढांचे का उल्लेख करते हुए ATCA कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यह निवेश प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार सृजन करेगा और स्थानीय उद्योगों को नई ताकत देगा।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लेते हुए ICCK (इंडियन चेम्बर ऑफ कॉमर्स इन कोरिया) को नॉलेज पार्टनर के रूप में शामिल करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024–30 के तहत तकनीक, स्किलिंग और वैश्विक सहयोग को नई दिशा दी जाएगी।

विष्णु देव साय ने यह भी कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को सिंगल विंडो क्लियरेंस, भूमि आवंटन, आवश्यक अनुमतियों और सहयोगी नीतियों के माध्यम से हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दक्षिण कोरिया कंपनियों की भागीदारी से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक परिदृश्य में नए अवसर सृजित होंगे और भारत-कोरिया औद्योगिक सहयोग नई ऊँचाईयों तक पहुंचेगा।