Skip to main content

4thnation

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति किया जागरूक

दुर्ग, 14 अक्टूबर 2026/अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शहीद तरुण देशमुख शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, खोपली में बालिकाओं की सामाजिक भूमिका, अधिकारों और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक कुमार पाण्डेय एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अजय कुमार साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कुल 185 प्रतिभागी शामिल हुए।

Screenshot 2026 10 14 063845


कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में समान अवसरों के महत्व को समझाया। साथ ही लैंगिक भेदभाव, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और प्रत्येक बालिका को शिक्षा एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जागरूकता कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना एवं नोनी सुरक्षा योजना के उद्देश्यों, लाभ और पात्रता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि इन योजनाओं का लाभ लेकर बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकती है।
कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 की उपयोगिता समझाई गई। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों से संबंधित योजनाओं एवं कानूनों के बारे में भी बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *