Skip to main content

4thnation

श्री जगन्नाथ मंदिर के 9 माह से बंद पट खुले, 3 जनवरी से सभी श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन

पुरी। इतिहास में पहली बार भक्तों के लिए बंद 12वीं शताब्दी के भगवान विष्णु  के मंदिर के पट सभी के लिए जल्द ही खुलेंगे। श्री जगन्नाथ मंदिर के पट कोविड-19 वैश्विक महामारी के चलते लगभग 9 महीने से बंद थे। इस पर श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। मंदिर के पट खोले जाने का निर्णय प्रशासन द्वारा लिया गया है।
बता दें कि श्री जगन्नाथ मंदिर बुधवार को दोबारा खुल गया, लेकिन श्रद्धालु 3 जनवरी से ही यहां भगवान के दर्शन कर पाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि सेवकों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए सुबह 7 बजे मंदिर के द्वार खोले गए है। इस दौरान कोविड-19 से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन किया गया। उन्होंने बताया कि वैश्विक महामारी के कारण मंदिर मध्य मार्च से बंद था। पुरी के कलेक्टर बलवंत सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पहले 3 दिन 23, 24 और 25 दिसम्बर को केवल सेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को दर्शन करने की अनुमति होगी। 26 से 31 दिसम्बर के बीच केवल पुरी के निवासी भगवान के दर्शन कर पाएंगे। इसके बाद नव वर्ष पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने के मद्देनजर एक और दो जनवरी को मंदिर को फिर बंद कर दिया जाएगा। 3 जनवरी से मंदिर के द्वार सभी श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। उन्होंने बताया कि 3 जनवरी से आने वाले श्रद्धालुओं को कोरोना वायरस से संक्रमित ना होने की पुष्टि करने वाली रिपोर्ट दिखानी होगी। पुरी के निवासियों से कोविड-19 की जांच रिपोर्ट ना मांगे जाने के सवाल पर अधिकारी ने कहा कि प्रशासन स्थानीय लोगों में कोरोना वायरस की स्थिति से अवगत है। इसलिए उन्हें संक्रमित ना होने की पुष्टि के लिए कोविड-19 की जांच रिपोर्ट दिखाने की जरूरत नहीं है।