Skip to main content

4thnation

भटगांव के किसानों ने की सिंचाई के लिए पानी की मांग, कलेक्टोरेट पहुंच सौंपा ज्ञापन, कहा पानी के आभाव में सूख रही फसल

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। ग्राम भटगांव के किसान सिंचाई के जल की किल्लत को लेकर परेशान हैं। अवर्षा के कारण फसल सूखने के कगार पर है। इससे परेशान किसान गुरुवार को कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां किसानों ने कलेक्टर और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोडऩे की मांग की।
किसानों ने बताया कि जल्द खेतों में पानी नहीं पहुंचा तो फसल सूख जाएगी। अफसरों ने किसानों को जल्द पानी छोडऩे का भरोसा दिलाया है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के अहिवारा विधानसभा अध्यक्ष ऋषि टंडन के नेतृत्व में कलेक्टोरेट पहुंचे किसानों ने बताया कि फसल को बचाने के लिए तत्काल पानी की दरकार है। दूसरी ओर जिले में अवर्षा की स्थिति बन गई है। इसे देखते हुए राज्य शासन ने जलाशयों के गेट खोलने का निर्देश दिया है, लेकिन जिले में अब तक जलाशयों के गेट नहीं खोले गए हैं। इससे किसानों में बेहद नाराजगी है। किसानों ने बताया कि फसल को बचाने तत्काल पानी की आवश्यकता है। किसानों ने अफसरों से मिलकर तत्काल पानी छोडऩे की मांग की। मांग करने वालों में पार्षद प्रकाश जोशी, अनुपमा गोस्वामी, धर्मेन्द्र बंजारे, मनोज मधुकर, जितेन्द्र देशमुख, राजेश मधुकर, निषादराज कुंभकार मौजूद थे।