Skip to main content

4thnation

जापान प्रवास के दौरान सीएम विष्णुदेव साय की अविनाश तिवारी से मुलाकात, छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा

रायपुर/टोक्यो, 24 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान टोक्यो में BOYES & MOORES INTERNATIONAL COMPANY जापान के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर और बस्तर के गौरव श्री अविनाश तिवारी से सौहार्दपूर्ण भेंट की। इस मुलाकात में छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और नए उद्योगों की स्थापना की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर राज्य सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों, मजबूत औद्योगिक आधारभूत ढांचे और निवेशकों को मिलने वाले सहयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भरोसा जताया कि छत्तीसगढ़ में उद्योग जगत के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं, और सरकार हर स्तर पर निवेशकों के साथ खड़ी है।

श्री अविनाश तिवारी, जो बस्तर जिले के तोकापाल क्षेत्र के निवासी हैं और नवोदय विद्यालय, बारसूर (दंतेवाड़ा) के पूर्व छात्र रह चुके हैं, आज जापान की प्रतिष्ठित कंपनी में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता डॉ. सुरेश तिवारी एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं।

मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा—
“यह हमारे लिए गौरव की बात है कि बस्तर की धरती से निकले युवा आज वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं। अविनाश तिवारी जैसे प्रतिभाशाली युवाओं की सहभागिता से प्रदेश में उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।”

यह मुलाकात न केवल छत्तीसगढ़ के लिए निवेश की नई राह खोलती है बल्कि बस्तर की प्रतिभा और वैश्विक स्तर पर उनकी उपलब्धियों को भी सम्मानित करती है।