Skip to main content

4thnation

सीएम बघेल की ईडी को चिट्ठी पर एक्स सीएम डॉ रमन की सफाई, कहा पुलिस पहले ही दे चुकी है क्लीन चिट

रायपुर (छत्तीसगढ़)। नागरिक आपूर्ति निगम-नान घोटाले और चिटफंड घोटाले की जांच को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ईडी को लिखी चिट्‌ठी पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सफाई दी है। डॉ. रमन सिंह ने एक दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया है, चिटफंड मामले की जांच में पुलिस उनके बेटे अभिषेक सिंह सहित सभी स्टार प्रचारकों को क्लीनचिट दिया है। उन्होंने कहा, चार साल से इनकी ही पुलिस अब तक किसी मामले में कोई आरोप आज तक सिद्ध नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री अब तक केवल आरोप लगाते रहे हैं।

डॉ. रमन सिंह ने कहा, चिटफंड मामले में उनके बेटे अभिषेक सिंह के खिलाफ जांच में विवेचना अधिकारी राजेश्वर सिंह ठाकुर और महेंद्र सिंह ने अपनी रिपोर्ट में यह लिखा है कि स्टार प्रचारकों द्वारा प्रत्यक्ष कार्य किया जाना अथवा कोई काम नहीं करने से अपराध होना नहीं पाया गया है। चिटफंड के द्वारा आर्थिक लाभ प्राप्त करने में भी स्टार प्रचारकों की संलिप्तता नहीं मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ईडी की जांच पर जो भी संदेह हो उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस की जांच पर पूरा भरोसा है।

जिस मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री पत्र लिख रहे हैं, उसका मूल आधार ही छत्तीसगढ़ पुलिस की जांच में धराशायी हो चुका है। डॉ. रमन सिंह ने कहा, नान घोटाले में आरोप लगाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ईडी का दरवाजा खटखटा रहे हैं, लेकिन इन्हीं की सरकार ने 2019 में एसआईटी बनाई थी। मुख्यमंत्री बताएं कि उनकी जांच क्या हुआ। क्या पुलिस ने अभी तक नान और चिटफंड मामले की जांच पूरी नहीं की। अगर पूरी हो गई है तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं करते।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उनके ऊपर लगे आय से अधिक संपत्ति के आरोपों के जवाब में आयकर विभाग की गवाही का हवाला दिया है। उन्होंने कहा, उनके खिलाफ एक याचिका उच्च न्यायालय में चल रही है। उसमें उन्होंने अपना जवाब दे दिया है। उस मामले में आयकर विभाग – IT ने भी एक शपथपत्र देकर बताया है कि 2003 से 2018 तक के सभी चुनाव शपथपत्रों की जांच हो चुकी है। IT ने बताया है, मेरी आय और संपत्ति के विवरण में कोई गड़बड़ी नहीं है।