Skip to main content

4thnation

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अटल बिहारी वाजपेयी को 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। यह आयोजन राजधानी रायपुर के अवंति विहार चौक पर किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी एक महान नेता थे, जिन्होंने छत्तीसगढ़ के लोगों की भावनाओं का हमेशा सम्मान किया। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व, दृष्टिकोण और जनसेवा के प्रति समर्पण ने सभी को प्रेरित किया है। उनकी नीतियों और विचारों ने भारत को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, और यह सब अटल जी के सपनों को साकार करने से ही संभव हो पाया है। उन्होंने अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष पर सभी से उनके आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, राजेश मूणत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।