Skip to main content

4thnation

भिलाई के गौतम नगर में चला प्रशासन का बुलडोजर, 60 से ज्यादा अवैध मकान ध्वस्त, भारी पुलिस बल तैनात

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम द्वारा रविवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। खुर्सीपार वार्ड क्रमांक 42 स्थित गौतम नगर में 60 से अधिक अवैध मकानों पर बुलडोजर चला दिया गया। नगर निगम की टीम सुबह 8 बजे मौके पर पहुंची और मेन सीवरेज लाइन पर बने अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई शुरू की। देखते ही देखते सभी निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया।

इस कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया ताकि शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे। साथ ही तहसील प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा।

पहले ही दी गई थी चेतावनी
नगर निगम ने यह कार्रवाई अचानक नहीं की। पहले 10 से ज्यादा बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण अब सख्त कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए कार्रवाई जारी रखी।

नगर निगम का कहना है कि मेन सीवरेज लाइन पर बनाए गए यह मकान सार्वजनिक सुविधा और स्वच्छता व्यवस्था के लिए खतरा बन गए थे, जिसके चलते यह कदम उठाया गया।