Skip to main content

4thnation

फेस ऑथेंटिकेशन से घर बैठे जमा कर सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

दुर्ग, 03 नवम्बर 2026/ राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा की भिलाई सिविक सेंटर शाखा में पेंशनभोगियों को फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा के प्रति जागरूक किया गया। भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, नई दिल्ली के अवर सचिव श्री प्रवेश कुमार ने 2 नवंबर को शाखा का दौरा कर अभियान के तहत आयोजित जागरूकता गतिविधियों का जायजा लिया।

इस दौरान पेंशनभोगियों को बताया गया कि वे अपने स्मार्टफोन के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का उपयोग कर घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या अन्य कार्यालयों में व्यक्तिगत रूप से जाने की आवश्यकता नहीं होगी और समय एवं श्रम की बचत होगी।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, रायपुर अंचल कार्यालय के सहायक महाप्रबंधक श्री मधुसूदन कुमार एम., दुर्ग क्षेत्र के क्षेत्रीय वित्तीय समावेशन प्रभारी श्री जीतू सिंह तोमर, भिलाई शाखा की अधिकारी सुश्री एयरो फिलिसीटा सहित बैंक के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *