Skip to main content

4thnation

काम में लापरवाही पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सख्ती, दो वरिष्ठ अधिकारी नपे

रायपुर, 19 मई 2025 – छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने लापरवाह अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए दो बड़ी प्रशासनिक कार्रवाइयों को अंजाम दिया।

मुख्यमंत्री ने मुंगेली जिले के जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता आर.के. मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई मनियारी जलाशय और पथरिया जलाशय जैसी महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं में वर्षों से चल रही लापरवाही के कारण की गई है। मुख्यमंत्री ने इन अधूरी परियोजनाओं को किसानों के हितों के साथ अन्याय बताया और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही।

इसी के साथ मुख्यमंत्री श्री साय ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के जिला शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार शास्त्री को उनके पद से हटाने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले की बोर्ड परीक्षा में अत्यंत खराब प्रदर्शन यह दर्शाता है कि शिक्षा व्यवस्था में गंभीर खामी है, जिसे किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अब शासन में शिथिलता और जवाबदेही से बचने का युग समाप्त हो चुका है। सरकार की प्राथमिकता जनहित और पारदर्शी प्रशासन है, जिसमें लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है।