Skip to main content

4thnation

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक बने भारत के पहले टेस्ला मॉडल Y के मालिक, पोते को दी गिफ्ट

मुंबई, 08 सितंबर 2025// महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इतिहास रचते हुए भारत में टेस्ला मॉडल Y खरीदने वाले पहले शख्स बने। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित मेकर मैक्सिटी मॉल में कंपनी के पहले शोरूम के खुलने के अगले ही दिन उन्होंने यह गाड़ी खरीदी। उन्होंने इसे अपने पोते के लिए उपहार बताया और कहा कि यह सिर्फ निजी खरीद नहीं, बल्कि समाज को प्रेरित करने का प्रयास है।

शोरूम के बाहर मीडिया से बातचीत में सरनाईक ने कहा—
“यह गाड़ी लेना सिर्फ मेरा व्यक्तिगत फैसला नहीं है, यह संदेश है कि अब हमें स्वच्छ और टिकाऊ यातायात की ओर बढ़ना चाहिए। मैं चाहता हूं कि बच्चे ऐसी गाड़ियां देखकर बड़े हों ताकि इलेक्ट्रिक वाहन आम जीवन का हिस्सा बन जाएं।”

उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्हें किसी तरह की विशेष छूट नहीं मिली।
“मैं भी अन्य ग्राहकों की तरह एक साधारण खरीदार हूं और गर्व से कह सकता हूं कि महाराष्ट्र हरित भविष्य की ओर अग्रसर है,” सरनाईक ने कहा।

इस मौके पर भारी भीड़ जुटी। परिवारों ने टेस्ट ड्राइव ली और इस मशहूर ईवी को करीब से देखने पहुंचे। एक आगंतुक ने उत्साह जताते हुए कहा, “आज का अनुभव अद्भुत था। पहली बार इसे चलाने का मौका मिला।”

सरनाईक के बेटे और शिवसेना नेता परवेश सरनाईक ने भी लोगों से ईवी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा—
“इलेक्ट्रिक गाड़ियां ही भविष्य हैं। हमें साहसिक कदम उठाकर टिकाऊ कल की ओर बढ़ना चाहिए।”

टेस्ला मॉडल Y भारत में रियर-व्हील-ड्राइव (RWD) वेरिएंट में उपलब्ध है। इसकी दो वैरिएंट्स की कीमत क्रमशः ₹59.89 लाख और ₹67.89 लाख (एक्स-शोरूम) है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और टेस्ला की साउथ एशिया रीजनल डायरेक्टर इसाबेल फैन ने 15 जुलाई को शोरूम का उद्घाटन किया था। अगले दिन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी पहुंचे और टेस्ट ड्राइव ली।

प्रताप सरनाईक की यह पहल उनके जीवन सफर की तरह ही प्रेरणादायी मानी जा रही है। ठाणे जिले से साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर चार बार के विधायक बनने तक का सफर तय करने वाले सरनाईक अब महाराष्ट्र में ईवी क्रांति के अग्रदूत के रूप में देखे जा रहे हैं।