Skip to main content

4thnation

असम के डिब्रूगढ़ जिले में आसमान से गिरी आफत : 500 से अधिक घरों में मचाई तबाही

तिनसुकिया (असम)। असम के डिब्रूगढ़ जिले में कई स्थानों पर भारी ओलावृष्टि होने से 500 से अधिक घरों में तबाही मच गई। गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 घंटों के दौरान असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है और बिजली गिर सकती है। सोमवार देर रात एवं मंगलवार तड़के मोरन तिंगखोंग नहरकटिया और अन्य इलाकों में ओलावृष्टि हुई। इससे जिले में भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती आकलन के अनुसार 37 गांवों में 310 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं तिंगखोंग के 21 गांवों में 202 मकानों को नुकसान पहुंचा है।

तिनसुकिया जिले में मंगलवार सुबह खेतोजन चाय बागान में ओलावृष्टि हुई लेकिन नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि तेज ओलावृष्टि के कारण मोरन और तिंगखोंग राजस्व मंडल के तहत कई घरों को नुकसान होने की खबर है। उन्होंने ट्वीट किया अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत आकलन करने का निर्देश दिया गया है। प्रभावित सभी लोगों को सरकार हरसंभव मदद दे रही है।

इस बीच क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र गुवाहाटी ने एक बुलेटिन में कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश में विभन्न स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। शेष अरुणाचल प्रदेश असम मेघालय नगालैंड मणिपुर मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।