Skip to main content

4thnation

भिलाई में महिला ने विवाह से किया इनकार तो पड़ोसी युवक ने उबलता तेल फेंका, चेहरा और सीना झुलसा

भिलाई, 14 जून 2025

छत्तीसगढ़ के भिलाई में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नेहरू चौक, कैंप-1, छावनी निवासी एक लोक कलाकार महिला पर उसके पड़ोसी युवक ने उबलता हुआ तेल फेंक दिया। वजह – महिला ने युवक के विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इस हमले में पीड़िता के चेहरे और सीने पर गंभीर झुलसने की चोटें आई हैं।

घटना गुरुवार शाम लगभग 4:30 बजे की है जब 34 वर्षीय शकुंतला, जो कि लोक कलाकार हैं और हाल ही में उत्तर प्रदेश से कार्यक्रम करके लौटी थीं, अपनी बेटी हर्षिता से घर के बाहर बात कर रही थीं। तभी पास में रहने वाला आरोपी राकेश, पिता धनाराम, वहां पहुंचा और फिर से शादी का प्रस्ताव रखने लगा। जब शकुंतला ने पहले की तरह दोबारा इनकार किया, तो आरोपी ने अचानक उबलता तेल शकुंतला के चेहरे पर फेंक दिया

छावनी थाना प्रभारी, निरीक्षक नवी मोनिका पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी द्वारा फेंका गया द्रव्य तेल था। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है

घटना के बाद पीड़िता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी राकेश पहले भी महिला को परेशान कर विवाह का दबाव बना चुका है।

यह घटना समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसक मानसिकता और प्रताड़ना को उजागर करती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।