Skip to main content

4thnation

नक्सलियों की दरिंदगी: मुंशी की बेरहमी से हत्या, दो वाहन फूंके, बॉर्डर पर फिर फैली दहशत

बलरामपुर, 02 मई 2025 / छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर एक बार फिर नक्सलियों ने खूनी तांडव मचाया है। बलरामपुर जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र के ओरसापाठ गांव में बुधवार देर रात 10 से 12 हथियारबंद नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे मुंशी अयूब अंसारी (60 वर्ष) को घर से उठाकर पहले पीटा, फिर मुंह में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद एक्सीवेटर और ग्रेडर मशीन सहित दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि ये सभी नक्सली झारखंड की सीमा से ओरसापाठ में घुसे थे। उनका उद्देश्य लेवी वसूली बताया जा रहा है। मृतक मुंशी अयूब अंसारी, साढ़े तीन करोड़ की लागत से बन रही सड़क परियोजना में कार्यरत थे। घटना के बाद बलरामपुर पुलिस और झारखंड पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नक्सली पहले ओरसापाठ से अंबाकोना तक निर्माणाधीन सड़क स्थल पर पहुंचे, वहां वाहनों से डीजल निकाला और फिर ग्रेडर व एक्सीवेटर को फूंक डाला। इसके बाद अयूब अंसारी को घर से बाहर खींचकर कुछ दूर ले गए, बेरहमी से पीटा और मुंह में गोली मार दी।

घटना के बाद पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भय व्याप्त है और सड़क निर्माण कार्य ठप हो गया है। पुलिस को आशंका है कि नक्सलियों ने फिर से इलाके में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है।

झारखंड पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और छत्तीसगढ़ पुलिस ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।