Skip to main content

4thnation

कवर्धा में किसान के मकान को पक्का बनाने के सपने पर चोरों ने लगाई सेंध, 25 लाख की नगदी और जेवरात किया हाथ साफ

कबीरधाम (छत्तीसगढ़)। कवर्धा में सिटी कोतवाली क्षेत्र से चोरी की एक वारदात सामने आई है। चोरों ने एक किसान के कच्चे मकान की दिवाल में सेंध मारकर 25 लाख रूपए की नगदी और 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने यह रकम अपने मकान को पक्का बनाने के लिए जमीन बेच कर जुटाई थी। लेकिन चोरों की सेंधमारी से उसके इस सपने पर पानी फिर गया। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

चोरी की यह घटना बुधवार को दिन-दहाड़े हुई। नया बस स्टैंड के पास जुनवानी मार्ग के पास रामायण साहू का कच्चा मकान बना हुआ है। घर के आसपास बहुत नजदीक कोई घर नहीं है, इसी का फायदा अज्ञात चोरों ने उठाया। बुधवार को रामायण साहू और उनका पूरा परिवार शहर में ही अपने रिश्तेदार के घर दशगात्र में शामिल होने के लिए गया हुआ था। सूने घर का फायदा उठाकर आरोपी यहां पहुंचे और दीवार को तोड़ दिया।

Picsart 23 05 18 21 23 09 627

चोरों ने कमरे के अंदर पेटी में रखे 25 लाख रुपए नगद और सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 27 लाख का माल चोरी कर फरार हो गए। 2 घंटे के बाद जब परिवार वापस घर लौटा और ताला खोलकर अंदर गया, तो उनके होश उड़े गए। कच्ची दीवार टूटी हुई थी और पेटी के अंदर रखा 25 लाख रुपए और गहने गायब थे। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है। पुलिस आरोपियों को ढूंढने में डॉग स्क्वॉड की भी मदद ले रही है।

पीड़ित रामायण साहू ने बताया कि उसने जमीन बेचकर 25 लाख रुपए अपने पास रखे थे, ताकि कच्चे घर को पक्का करवा सकें, लेकिन चोरों ने उनकी कमाई पर हाथ साफ कर दिया। उन्होंने बताया कि चोरों ने 9 इंच की दीवार को सब्बल से तोड़ा है।