Skip to main content

4thnation

अमेरिका के ब्रुकलिन शहर के सबवे स्टेशन पर अंधाधुंध गोलीबारी, 16 से अधिक लोग घायल

अमेरिका के ब्रुकलिन शहर के सबवे स्‍टेशन पर बड़ा हमला हुआ है। यहां एक नकाब पहने एक हमलावर ने कई लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। घटना से स्‍टेशन पर सनसनी फैल गई। प्रशासन की ओर से कहा गया कि न्‍यूयॉर्क सिटी के इस सबवे स्‍टेशन पर गोलीबारी की घटना में कम से कम 16 लोग घायल हुए हैं।  न्‍यूयॉर्क शहर के पुलिस कमिश्‍नर कीचेंट सीवेल ने कहा कि ब्रुकलिन सबवे गोलीबारी मामले की जांच फिलहाल आतंकी कार्रवाई के रूप में नहीं की जा रही है। उन्‍होंने बताया कि हमले में घायल हुए लोगों की जान को कोई गंभीर खतरा नहीं है। 16 घायलों में से 10 को गोलियां लगी हैं। पांच लोगों की हालत नाजुक लेकिन स्थिर है। मामले में संदिग्‍ध 5”5 का अश्‍वेत पुरुष अभी भी फरार है, वह हरे रंग की कंस्‍ट्रक्‍शन बनियान और हुडी पहने है।

न्‍यूयॉर्क पुलिस के प्रवक्‍ता ने न्‍यूज एजेंसी AFP को बताया, “8:27 बजे पुलिस को एक शख्‍स का कॉल आया जिसने सबवे पर गोली मारे जाने के बारे में जानकारी दी..” खबरों में कहा गया है कि ट्रेनों को रोक दिया गया है। कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि हमले के स्‍थान पर विस्‍फोटक बरामद हुआ है। हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
लोगों की ओर से ट्वीट की गई तस्‍वीरों में यात्रियों के कपड़ों को खून से लथपथ दिखाया गया है, वे मेट्रो में पीठ के बल लेटे हुए नजर आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं की गई है कि यह आतंकी हमला था या नहीं। सोशल मीडिया पर आए कुछ फोटो में ब्रुकलिन सववे में मेट्रो कोच के फर्श पर खून देखा जा सकता है। कई ट्विटर यूजर्स ने आशंका जताई है कि यह आतंकी हमला हो सकता है।