Skip to main content

4thnation

प्रेस की धौंस दिखाकर सेनेटाइजर डिलीवरी बॉय से 48 हजार रुपए की लूट, चार कथित मीडिया कर्मी गिरफ्तार

भिलाई (छत्तीसगढ़)। प्रेस की धौंस दिखाकर एमपी से सेनेटाइजर की डिलीवरी करने आए पिकअप वाहन चालक के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार कथित मीडिया कर्मियों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है। आरोपी 48 हजार रुपए की रकम वाहन चालक से छीन फरार हो गए। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के पास से दो वॉकी-टॉकी, अलग-अलग मीडिया संस्थानों के परिचय पत्र, माईक आईडी खाकी वर्दी आदि जब्त किए गए हैं ।

लूट की इस वारदात की शिकायत इंदौर निवासी नदीम खान ने पुलिस मे दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया था कि 15 जनवरी को अपने साथी चालक तबरेज खान के साथ अपनी वाहन बोलेरो पिकअप क . एम.पी. 09 जी.जी. 2058 से 157 पेटी सेनेटाईजर दुर्ग भिलाई में मेडीकल की दुकानों में डिलीवरी करने आये थे। शाम को साढ़े सात बजे करीब जब प्रार्थी अपने गाड़ी के साथ नेहरू नगर में माल डिलीवरी कर रहा था। तभी उसे फोन आया कि मै मेडीकल स्टोर्स वाला बोल रहा हूं। तुम लोग नेहरू चौक आ जाओ मै अपना माल वही से ले लूंगा। जब प्रार्थी अपनी गाड़ी लेकर नेहरू नगर चौक पहुंचा तब मोटर सायकलो में चार आदमी आये और प्रार्थी की गाड़ी को रोक लिये और गाडी से नीचे उतरने बोले और कहने लगे कि हम प्रेस वाले है तुम लोगो ने फर्जी माल रखा है। सामान का कागजात दिखाओं कहकर धमकाते हुये प्रार्थी व उनके साथी को धक्का मुक्की हाथापाई कर गाली गलौज करने लगे और पैसे की मांग करने लगे। विरोध किए जाने पर गाड़ी की तालाशी लेने लगे और गाड़ी के सीट के पीछे रखा बिल एवं सैनेटाईजर बिकी के कलेक्शन का कुल रकम 48,000 रूपये निकाल लिये और वहां से अपने गाडियों में बैठकर भाग गये।
शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की थी। पतासाजी के दौरान मुखबीर की सूचना के आधार पर योगेश्वर मानिकपुरी निवासी रामनगर आजाद चौक , टामेन्द्र सिन्हा निवासी डिपरापारा पोटिया रोड दुर्ग, कृपाचंद सोनवानी निवासी भिलाई -3 तथा तामेश्वर तिवारी निवासी कातुलबोर्ड हरी नगर दुर्ग को मामले में गिरफ्तार किया गया है । उनसे लूट की रकम , तीन मोटर सायकले एवं अन्य सामाग्री बरामद की गई है। इस गिरोह के मास्टर माइंड योगेश्वर मानिकपुरी बताया जा रहा है।
इस मामले का खुलासा करने में एसएसपी बीएन मीणा के निर्देशन एवं एएसपी सिटी संजय ध्रुव तथा सीएसपी भिलाई नगर आरके जोशी के मार्गदर्शन में सुपेला टीआई सुपेला सुरेश ध्रुव , एसआई लखेश गंगेश , एएसआई रजनीकांत दीवान , हेड कांस्टेबल संतोष शर्मा, कांस्टेबल रवि कुमार, विशाल सिंह , कपिल चौधरी, सुरेन्द्र गिरी, जनीश तिवारी का विशेष योगदान रहा ।