Skip to main content

4thnation

उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, कहा – “यह हृदयविदारक और अत्यंत पीड़ादायक घटना है”

रायपुर, 07 अगस्त 2025 —
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में बादल फटने की दुखद घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को “अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक” बताया।

बुधवार शाम को जारी एक शोक संदेश में मुख्यमंत्री साय ने कहा, “मैं भगवान बद्री विशाल से प्रार्थना करता हूँ कि इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोगों की सुरक्षा और कुशलता बनी रहे।”

मुख्यमंत्री ने इस आपदा में तेजी से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की निगरानी में समन्वित रूप से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “राज्य और केंद्र की एजेंसियों की तत्परता और समर्पण के चलते सैकड़ों लोगों की जान बचाई जा चुकी है।”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की ओर से उत्तराखंड सरकार और प्रभावित परिवारों के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त करते हुए कहा, “इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार उत्तराखंड सरकार और सभी प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस आपदा से पीड़ित सभी लोगों के साथ हैं।”