Skip to main content

4thnation

सत्तीचौरा दुर्गा मंदिर में 108 पूजा थाल से महाआरती, आतिशबाजी और गरबा से गूंजा गंजपारा

दुर्ग, 29 सितंबर 2025।
श्री सत्तीचौरा माँ दुर्गा मंदिर, गंजपारा दुर्ग में क्वांर नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर पंचमी तिथि पर भव्य आयोजन हुआ। सुबह से ही मंदिर प्रांगण भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा। माता जी का अभिषेक पूजन, 108 कन्याओं का पूजन-भोज, 108 पूजा थाल से महाआरती और रात्रि में आतिशबाजी ने भक्तों का मन मोह लिया।

Screenshot 2025 09 29 100334

सुबह 9 बजे से ही मंदिर में अभिषेक की विशेष व्यवस्था की गई। आचार्य डॉ. विक्रांत दुबे, डॉ. आकाश दुबे और मुख्य पुजारी पंडित सुनील पांडेय ने मंत्रोच्चार और औषधियों से माता जी का अभिषेक कराया। इसके बाद दोपहर 12 बजे 108 कन्याओं का पूजन एवं भोज कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा से भाग लिया।

108 थाल और दीपों से महाआरती
समिति के सदस्य मोहित पुरोहित एवं ऋषि गुप्ता ने बताया कि पंचमी की शाम माता जी की 108 पूजा थाल और 108 दीपों से महाआरती की गई। जैसे ही हजारों भक्तों ने थाल लेकर आरती की, पूरा गंजपारा “जय माता दी” के उद्घोष से गूंज उठा। आरती के बाद फूलों की वर्षा ने भक्तों को भावविभोर कर दिया।

पूरे पंडाल को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। जैसे ही आरती पूर्ण हुई, छत पर सजे फूलों की वर्षा माता जी और भक्तों पर हुई। ढोल-नगाड़ों और बैंड की ताल पर भक्त झूम उठे और देर रात तक माता के भजनों में डूबे रहे।

आतिशबाजी और गरबा ने बढ़ाई शोभा
आरती के उपरांत देर रात तक आकर्षक आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया। इसके बाद रात 10 बजे समिति की महिलाएँ और बालिकाएँ माता जी के दरबार में गरबा खेलते हुए नजर आईं। भक्तों ने कहा कि ऐसा दिव्य आयोजन हर साल का इंतजार और खास बना देता है।

धर्मप्रेमियों और समाजजनों की बड़ी भागीदारी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रमुख रूप से अशोक राठी, महेश टावरी, पायल जैन, प्रवीण भूतड़ा, नरेंद्र शर्मा, राजेश शर्मा, पार्षद कुलेश्वर साहू, योगेंद्र शर्मा, बंटी निर्मल शर्मा, हर्षद पारख, राहुल शर्मा, पिंकी गुप्ता, अर्चना शर्मा, किरण सेन, सरिता शर्मा, नीलू पांडा, अंबिका पंड्या, कुलेश्वरी जायसवाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।

Screenshot 2025 09 29 100443

समिति ने श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में भी नवरात्र के सभी आयोजनों में शामिल होने की अपील की।