Skip to main content

4thnation

राज्यपाल रमेन डेका ने पं. रविशंकर विश्वविद्यालय को नैक ए+ ग्रेड मिलने पर दी शुभकामनाएँ

रायपुर, 18 अगस्त 2025।
छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। राजधानी स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर को नैक (NAAC) से ए+ ग्रेड प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि पाने वाला राज्य का पहला शासकीय विश्वविद्यालय बन गया है।

आज राजभवन में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सच्चिदानंद शुक्ला ने राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति श्री रमेन डेका से भेंट कर नैक ग्रेडिंग का पत्र सौंपा। इस मौके पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा—
“यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। अन्य शासकीय विश्वविद्यालयों को भी इससे प्रेरणा लेकर गुणवत्ता सुधार पर ध्यान देना चाहिए और उच्च ग्रेडिंग प्राप्त करनी चाहिए।”

गौरतलब है कि पिछले एक वर्ष में राज्यपाल डेका ने विश्वविद्यालयों की नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की थीं। उन्होंने कुलपतियों को गुणवत्ता सुधार और नैक ग्रेडिंग प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इसी सतत मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय परिवार के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।

कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय परिवार की ओर से राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी संचालक प्रो. आर. पी. परगनिहा और कुलसचिव प्रो. अंबर व्यास भी उपस्थित थे।