Skip to main content

4thnation

महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त: 69 लाख से अधिक महिलाओं को पहुँचे 647 करोड़, अब तक 12,376 करोड़ का भुगतान

रायपुर, 05 सितम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ की महिलाओं के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भरने वाली महतारी वंदन योजना लगातार अपनी ऐतिहासिक यात्रा जारी रखे हुए है। शुक्रवार को रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने योजना की 19वीं किस्त का भुगतान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 69,15,994 महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1000-1000 रुपये की राशि अंतरण की। कुल 647.13 करोड़ रुपये की यह राशि एक क्लिक से सीधे हितग्राहियों तक पहुँची।

मुख्यमंत्री साय ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा—
“महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनके आत्मसम्मान को सशक्त करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। यह आर्थिक सहयोग न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सुरक्षा में भी सहायक सिद्ध होगा।”

उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार हमेशा माताओं-बहनों के साथ खड़ी है और उनके जीवन को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 69 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने उनके बैंक खाते में सहायता राशि दी जा रही है। आज की 19वीं किस्त सहित अब तक कुल 12,376.19 करोड़ रुपये हितग्राहियों तक पहुँचाए जा चुके हैं।

साय ने कहा कि यह योजना महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर कर रही है। यह उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में अभूतपूर्व भूमिका निभा रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि योजना का असर सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को इससे मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा—
“यह योजना महिलाओं को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सम्मान प्रदान कर रही है। यह उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।”

राज्य सरकार ने घोषणा की है कि आने वाले समय में इस योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि महिलाओं के विकास, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।