Skip to main content

4thnation

जीएसटी बचत उत्सव: किसानों संग आत्मीय संवाद में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सौंपे नए ट्रैक्टर और हार्वेस्टर की चाबियां

रायपुर, 26 सितंबर 2025।
छत्तीसगढ़ में चल रहे जीएसटी बचत उत्सव ने किसानों और उपभोक्ताओं के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज देवपुरी स्थित ट्रैक्टर और बाइक शोरूम का औचक निरीक्षण किया और खरीदारों से आत्मीय संवाद कर उनकी खुशियों में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने किसानों को न केवल प्रोत्साहित किया बल्कि अपने हाथों से नए ट्रैक्टर और हार्वेस्टर की चाबियां सौंपकर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

किसानों की खुशियाँ, बचत का भरोसा

अभनपुर के बिरोदा निवासी श्री रवि कुमार साहू ने नया हार्वेस्टर खरीदने पर मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए कहा, “मैं सेकेंड हैंड हार्वेस्टर लेने की सोच रहा था, लेकिन जीएसटी कटौती से मुझे पूरे 2 लाख रुपए की बचत हुई। अब मेरे पास केवल दो एकड़ खेत है, लेकिन हार्वेस्टर आने से मैं गांव में साझेदारी से और अधिक खेती कर सकूंगा। यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है।”

इसी तरह अभनपुर कोलर के वरिष्ठ किसान श्री ज्ञानिक राम साहू ने नया ट्रैक्टर खरीदा। उन्होंने बताया कि जीएसटी कटौती से उन्हें 60 हजार रुपए की बचत हुई है। “इस बचत से त्योहार और अच्छे से मना सकेंगे,” उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा।

शोरूम पर दिखा उत्साह

Screenshot 2025 09 26 230501

ट्रैक्टर शोरूम के प्रोप्राइटर श्री अशोक अग्रवाल ने बताया कि जीएसटी दर में कमी के बाद बिक्री में तेजी आई है। उन्होंने कहा, “पहले जो ट्रैक्टर 10.25 लाख रुपए का था, वह अब 9.75 लाख रुपए में मिल रहा है। इसी तरह 7.62 लाख का ट्रैक्टर अब 7.21 लाख और 6.51 लाख का ट्रैक्टर अब 6.11 लाख रुपए में उपलब्ध है।”

बाइक खरीदारों को भी मिला लाभ

मुख्यमंत्री श्री साय इसके बाद देवपुरी स्थित बजाज बाइक शोरूम भी पहुंचे। यहां संतोषी नगर निवासी श्री एम.डी. गुलाब ने नई बाइक खरीदी। उन्होंने बताया कि जीएसटी कटौती से उन्हें 7 हजार रुपए की बचत हुई है। “मैंने बजाज प्लेटिना 110 सीसी खरीदी, जिसकी कीमत पहले 89,000 रुपए थी, लेकिन अब मुझे 82,000 रुपए में मिली।”

Screenshot 2025 09 26 230513

मुख्यमंत्री का संबोधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू जीएसटी 2.0 ने आम जनता, किसानों और उपभोक्ताओं को वास्तविक राहत दी है। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रों और ट्रैक्टर-हार्वेस्टर की कीमतों में आई कमी से किसानों को सीधा लाभ होगा। “इस सुधार ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में नया उत्साह और समृद्धि का वातावरण बनाया है। त्योहारों से पहले यह बचत उपभोक्ताओं की खुशियाँ दोगुनी कर रही है,” उन्होंने कहा।