Skip to main content

4thnation

रायपुर में छत्तीसगढ़ सोसायटी फॉर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी का शुभारंभ, आईटी शिक्षा और शोध को मिलेगी नई दिशा

रायपुर, 10 सितंबर 2025:
छत्तीसगढ़ में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ सोसायटी फॉर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (पंजीकृत) का औपचारिक शुभारंभ राज्य के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने सरकारी आवास में किया।

इस अवसर पर आईटी और कंप्यूटर साइंस से जुड़े प्रदेशभर के शिक्षाविद, शोधकर्ता, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापक और आईटी पेशेवर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में ट्रिपल आईटी रायपुर के निदेशक प्रो. ओ.पी. व्यास, समिति के नव-नियुक्त अध्यक्ष प्रो. एच.एस. होता (अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय, बिलासपुर), सहसचिव डॉ. स्वाति जैन (छत्तीसगढ़ महाविद्यालय रायपुर) और कोषाध्यक्ष श्री लीलाधर गवेल (आत्मानंद महाविद्यालय बिलासपुर) सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं।

Screenshot 2025 09 10 215909

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस मौके पर समिति की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण भी किया और सोसायटी की भविष्य की योजनाओं को लेकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश के युवाओं को आईटी शिक्षा और नवाचार में नई दिशा प्रदान करेगी।

सोसायटी के अध्यक्ष प्रो. एच.एस. होता ने बताया कि CGSIT का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में आईटी के अध्ययन, अध्यापन, शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करना है। सोसायटी समय-समय पर कार्यशालाएं, कॉन्फ्रेंस, हैकाथॉन और सेमिनार आयोजित करेगी। साथ ही, यह राज्य सरकार की आईटी नीति और कार्यक्रमों को सशक्त करने में भी योगदान देगी।

कार्यक्रम में यह भी घोषणा की गई कि सोसायटी राज्यभर के स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में आईटी जागरूकता और कौशल विकास को बढ़ावा देगी। इससे न केवल छात्र बल्कि शिक्षक भी तकनीकी रूप से सशक्त बन सकेंगे।

संरक्षक मंडल और पदाधिकारी
सोसायटी के संरक्षक मंडल में प्रमुख शिक्षाविदों और आईटी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। इनमें पं. सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति प्रो. सारस्वत, ट्रिपल आईटी रायपुर के निदेशक प्रो. ओ.पी. व्यास और गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर के प्राध्यापक प्रो. ए.के. सक्सेना शामिल हैं।

निर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं:

  • अध्यक्ष: प्रो. एच.एस. होता
  • उपाध्यक्ष: श्री एच.एस. टोंडे
  • सचिव: डॉ. रेशम लाल प्रधान
  • सहसचिव: डॉ. स्वाति जैन
  • कोषाध्यक्ष: श्री लीलाधर गवेल

समिति का कहना है कि आने वाले समय में यह सोसायटी राज्य के आईटी परिदृश्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी और युवाओं के लिए नवाचार की नई संभावनाएं खोलेगी।