Skip to main content

4thnation

आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी, लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीयन अनिवार्य

दुर्ग, 30 जुलाई 2025।
छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित आरक्षक संवर्ग (जिला पुलिस बल) भर्ती परीक्षा 2023-24 के अंतर्गत लिखित परीक्षा हेतु पात्र अभ्यर्थियों की चयन सूची वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा जारी कर दी गई है।

यह सूची उन अभ्यर्थियों की है जो शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे हैं। प्रत्येक पद के विरुद्ध अधिकतम 15 गुना अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए चुना गया है। पात्र अभ्यर्थियों की यह सूची छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://cgpolice.gov.in/ पर उपलब्ध है।

अब चयनित अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) की वेबसाइट पर निर्धारित समय में पुनः रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन की विस्तृत जानकारी व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा अलग से जारी की जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया की पृष्ठभूमि:

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आरक्षक संवर्ग के 570 रिक्त पदों की सीधी भर्ती हेतु 4 अक्टूबर 2023 को विज्ञापन जारी किया गया था। इसके लिए 1 जनवरी से 6 मार्च 2024 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे।

प्रथम चरण में जिला दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के अभ्यर्थियों की दस्तावेज़ जांच, शारीरिक मापजोख एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन प्रथम वाहिनी, छ.स.बल, भिलाई (जिला दुर्ग) में 16 नवंबर 2024 से 11 जनवरी 2025 तक किया गया था।