Skip to main content

4thnation

छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘बलिदानी राजा गुरु बालकदास’ को मुख्यमंत्री ने किया टैक्स फ्री, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक गाथा से जुड़ेंगे दर्शक

रायपुर, 30 सितंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अंबुजा मॉल के सिनेमाघर में छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘बलिदानी राजा गुरु बालकदास’ देखी और इसकी छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह फिल्म साहस और शौर्य की अनुपम गाथा है। गुरु बालकदास ने अंग्रेजों और पिंडारियों द्वारा किसानों पर किए जा रहे अत्याचार और भुखमरी के खिलाफ संघर्ष किया और समाज को संगठित करने का प्रयास भी किया। उन्होंने शिक्षा का प्रचार किया, सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा दिया और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Screenshot 2025 09 30 082824

सीएम ने आगे कहा, “हमारे प्रदेश में वीर शहीदों और संत-महात्माओं की धरती रही है। हमें अपने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के इतिहास को जानना और समझना चाहिए। यह फिल्म छत्तीसगढ़ की स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका, राज्य की समृद्ध संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और अंग्रेजों के विरोध को अत्यंत सुंदर तरीके से प्रस्तुत करती है।”

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि हमारे कलाकार, निर्देशक और पूरी फिल्म यूनिट मेहनत और लगन से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित फिल्म सिटी के निर्माण से छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बेहतर अधोसंरचना, अधिक अवसर और राष्ट्रीय मंच मिलेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य की सांस्कृतिक पहचान सशक्त होगी।

मुख्यमंत्री ने दर्शकों से अपील की कि वे इस फिल्म को देखें और अपने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लें।